– सेना के अदम्य शौर्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है यात्रा
हनुमानगढ़। प्रधानमंत्री गौरव रथ यात्रा का स्वागत सोमवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में किया गया। जंक्शन अम्बेडकर चौक पर भाजपा नेता अमित चौधरी, पूर्व बाल कल्याण समिति अध्यक्ष एडवोकेट जोधा सिंह भाटी, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, जिला मंत्री तजेन्द्र पाल सिंह, आशीष पारीक, गुरविन्द्र मान सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और उत्साहपूर्ण नारों के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। जिसके बाद बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि प्रधानमंत्री गौरव रथ यात्रा का उद्देश्य देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना के अदम्य शौर्य और पराक्रम की गाथाओं से हर नागरिक को अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से देशभक्ति की भावना को और अधिक बल मिलेगा और आने वाली पीढ़ियां भी हमारे वीर जवानों के बलिदान और पराक्रम को आत्मसात कर सकेंगी।
प्रवासी संघ प्रदेश संयोजक भीम सिंह कासनियां ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा श्रीगंगानगर जिले के हिंदुमलकोट से प्रारंभ हुई। उनके नेतृत्व में निकली यह गौरव यात्रा सोमवार को हनुमानगढ़ पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद यात्रा पीलीबंगा, सूरतगढ़, बीकानेर होते हुए आगे जयपुर के लिए रवाना होगी। जयपुर में प्रदेश भाजपा कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में इस यात्रा का समापन होगा।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय को गर्व महसूस कराने वाली ऐतिहासिक पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और सेना को पूरी मजबूती और सम्मान मिला है। गौरव रथ यात्रा इसी विश्वास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































