हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ टाउन के कोहला टोल नाके पर आज ट्रक ऑपरेटर यूनियन द्वारा अनिश्चितकालीन धरना आरंभ किया गया। यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि हनुमानगढ़ ट्रक यूनियन की गाड़ियों से टोल माफी की मांग को लेकर यह धरना शुरू किया गया है। ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा और जुगल किशोर राठी ने बताया कि यूनियन में लगभग 650 ट्रक पंजीकृत हैं, जो मुख्य रूप से खाद-उर्वरक, खाद्य सुरक्षा की गेहूं और खदान सामग्री का परिवहन करते हैं। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ के चारों ओर रावतसर रोड पर 7 किलोमीटर, पीलीबंगा रोड पर 5 किलोमीटर और संगरिया रोड पर 10 किलोमीटर की दूरी पर टोल नाके बने हुए हैं। जबकि कानूनन 20 किलोमीटर के क्षेत्र में टोल माफ होना चाहिए, लेकिन ठेकेदार मनमाने तरीके से टोल वसूल रहे हैं।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि टोल नाकों से भारी-भरकम राशि वसूली जा रही है, जबकि वहां की सड़कें जर्जर हैं, मरम्मत का कार्य नहीं किया जाता और न ही टोल नाकों पर लाइट या प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई टोल नाकों पर नशे में धुत्त और गुंडा तत्वों को कर्मचारियों के रूप में रखा गया है, जिससे आए दिन विवाद और असुरक्षा की स्थिति बनती है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री ने 60 किलोमीटर की दूरी तक टोल नाका नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद ठेकेदार नियमों की खुली अवहेलना कर रहे हैं और 15 किलोमीटर के दायरे में ही टोल नाके चला रहे हैं।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे टोल नाकों को पूरी तरह से बंद कर देंगे और आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
इस मौके पर यूनियन के प्रधान संजीव गोयल, अनिल धमीजा राजा, अशोक शर्मा, गुरतेज संधू, गुरमेल सिंह गिल, गुरु मंगत सिंह, कपिल गोयल, महावीर करवा, नवनीत शर्मा, सुभाष सिंह, गुरदीप चौहान, कृष्णा मदान, करण मदान, सरदूल सिंह, मेजर सिंह, रविंद्र शर्मा, दिलीप शर्मा, राजू बिश्नोई, रामू, टीटू, महेंद्र जोशी, पन्नालाल, सोनू वकील सेतिया, तरसेम, अजर मोहम्मद सहित अनेक ट्रक ऑपरेटर, ड्राइवर और परिचालक मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































