हनुमानगढ़। महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस द्वारा स्थापित संगठन आज़ाद हिंद फौज की तरफ से आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के बेबी हैप्पी मॉडर्न आयुर्वैदिक कालेज की छात्रा रिया शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता देश की राजधानी नई दिल्ली के ऐतिहासिक स्थल जंतर मंतर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रिया शर्मा ने अपने ओजस्वी, प्रभावशाली और तर्कपूर्ण भाषण से निर्णायकों का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने विचारों में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और युवा शक्ति की भूमिका को बेहद प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे वे प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहीं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल हनुमानगढ़ जिले बल्कि पूरे राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राकेश नगर तथा राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रिया शर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने रिया की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य ऐसे ही प्रतिभाशाली युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।
हनुमानगढ़ पहुंचने पर रिया शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। बेबी हैप्पी मॉडर्न आयुर्वेदिक कॉलेज में उनके सम्मान में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज परिवार के सभी सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर कॉलेज परिसर उत्साह और गर्व के माहौल से सराबोर नजर आया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































