भारतीय किसान संघ का तहसील अभ्यास वर्ग प्रारंभ

196

-किसानों के हितों की रक्षा हेतु संगठनात्मक और रचनात्मक कार्यों पर जोर
हनुमानगढ़। भारतीय किसान संघ जोधपुर प्रांत, जिला हनुमानगढ़ के तत्वावधान में तहसील अभ्यास वर्ग का शुभारंभ सोमवार को जंक्शन स्थित किसान भवन में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष गोपीराम बेनीवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंडी प्रमुख प्रेम बेनीवाल, प्रांत मंत्री प्रगट सिंह बराड़, जिला मंत्री हरीश पचार, जिला कोषाध्यक्ष रामेश्वर सुथार और जिला युवा प्रमुख हरविंदर सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। अतिथियों ने भारतीय किसान संघ की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और किसानों के हितों की रक्षा के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही संघ के विभिन्न आयामों — रचनात्मक, संरचनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
अभ्यास वर्ग में संघ के संस्थापक दातोपंत ठेगड़ी के जीवन, विचारों और उनके योगदान पर विशेष सत्र रखा गया। तहसील अध्यक्ष गोपीराम बेनीवाल ने बताया कि दातोपंत ठेगड़ी ने किसानों के उत्थान के लिए न केवल संघर्ष किया, बल्कि संगठन के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्य अतिथि प्रेम बेनीवाल ने कहा कि किसानों को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करनी चाहिए और साथ ही कृषि में नवीन तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए। प्रगट सिंह बराड़ ने संघ के संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी और सभी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर किसानों को जोड़ने का आह्वान किया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।