सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह के साथ विशेष शिविर का समापन

45

– एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने दिया सामाजिक सरोकारों का संदेश, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं सम्मानित
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित विशेष शिविर का समापन समारोह उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। समापन अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। समारोह के दौरान सेवा, संस्कार, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्वयंसेविकाओं द्वारा स्वयं तैयार किया गया भोजन रहा। छात्राओं ने शिविर के दौरान सीखी गई सामूहिक कार्य एवं सहयोग की भावना का परिचय देते हुए भोजन तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं ने गीत, नृत्य एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय स्टाफ का मन मोह लिया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश भी दिया।
विशेष शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को समारोह में पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। सम्मान समारोह के माध्यम से अन्य छात्राओं को भी भविष्य में विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।