1511 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ

51

– भगवा रंग में रंगी नजर आई धर्मनगरी, पुष्पवर्षा से जगह-जगह हुआ कलश यात्रा का स्वागत; जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर
हनुमानगढ़।
धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के अद्भुत संगम के रूप में गुरुवार को हनुमानगढ़ टाउन में भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति रजि. के तत्वावधान में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में 1511 कलशों की विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, आस्था और उल्लास से ओतप्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गौशाला टाउन से प्रारंभ हुई कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई आदर्श एन्क्लेव स्थित श्री सिद्धेश्वर धाम कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा में शामिल महिलाओं ने एक जैसी भगवा रंग की साड़ियां धारण कर धार्मिक एकता और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र रही।
कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवामय नजर आया। श्रद्धालु धार्मिक ध्वज लेकर भगवान श्रीराम और लक्ष्मी-नारायण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत द्वार सजाकर एवं पुष्प अर्पित कर धर्मयात्रा में शामिल भक्तों का अभिनंदन किया। महिलाओं की मंगलगीतों से सजी सहभागिता ने आयोजन की धार्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का ऐसा वातावरण बना कि शहर धर्ममय नजर आने लगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।