मॉडिफाई साइलेंसर और पटाखे बजाने वाली बाइकों पर पुलिस का शिकंजा, 17 बाइक सीज

36

-7 बुलेट बाइक सहित अन्य वाहनों पर हुई कार्रवाई, यातायात पुलिस की सख्ती से असामाजिक तरीके से वाहन चलाने वालों में हड़कंप

हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ में यातायात पुलिस की ओर से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर लगी बाइकों और वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने कुल 17 बाइक सीज कीं, जिनमें 7 बुलेट बाइक शामिल हैं।
यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कई वाहन चालकों ने कंपनी की ओर से निर्धारित मानकों के विपरीत अपनी बाइकों में साइलेंसर मॉडिफाई करवा रखे थे। विशेष रूप से बुलेट बाइक में ऐसे साइलेंसर लगाए गए थे, जिनसे तेज आवाज के साथ पटाखे जैसी ध्वनि निकलती है। कुछ बाइक चालक शहर की सड़कों पर तेज आवाज में पटाखे बजाकर आमजन को परेशान करते हुए उदण्डता कर रहे थे। इसके अलावा हीरो कंपनी की बाइकों में भी मॉडिफाई साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाइकों को सीज किया।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण और सड़क पर होने वाली अव्यवस्था पर अंकुश लगाना है। मॉडिफाई साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल आमजन के लिए परेशानी का कारण बनती है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को भी काफी असुविधा होती है। सड़क पर अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से वाहन चालकों का ध्यान भटकने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।