छठी मईया के जागरण में भजनों और आकर्षक झांकियों ने बांधा समां, श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना
हनुमानगढ़। टाउन की श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट की ओर से कोहला नहर पर आयोजित छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्वांचल एवं बिहार मूल के परिवारों सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु नहर में खड़े होकर सूर्य उदय होने की प्रतीक्षा करते नजर आए। सूर्य की पहली किरण के साथ ही व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों ने भगवान सूर्यदेव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रत का पारण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमित सहू रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि पंजाब नेशनल बैक के मंडल प्रबधक नीरज सिन्हा, पिंकी, पूजा,जयंती मिश्रा, नीता मिश्रा तथा जय भारती, प्रियदर्शिनी, प्रतिभा झा, श्वेता, कर्ण, दिव्या कुमारी, पूजा एवं विशाल ने पूजा-अर्चना कर छठी मईया का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूर्व रविवार रात्रि को छठी मईया एवं भगवान सूर्यदेव के सम्मान में विशाल जागरण आयोजित किया गया। इसमें बाहर से पधारी भजन गायिकाओं नेहा नैना, प्रीति बांेस, एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।वहीं आर्ट ग्रुप की ओर से प्रस्तुत की गई आकर्षक एवं मनमोहक धार्मिक झांकियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। झांकियों ने छठी मईया की महिमा और भगवान सूर्यदेव की आराधना का संदेश दिया। आयोजन स्थल पर विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































