-गोविंद दास महाराज ने सुनाया भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
हनुमानगढ़। टाउन की आदर्श कॉलोनी स्थित श्री सिद्धेश्वर सुन्दरकाण्ड बालाजी धाम में आयोजित दिव्य श्रीराम कथा एवं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के चौथे दिन सोमवार को भगवान श्रीराम जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ऋषिकेश से पधारे कथा वाचक पूज्य गोविंद दास महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही महाराज ने प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनाया, कथा पंडाल में बधाई गीत गूंज उठे और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
कथा के दौरान महाराज ने भगवान श्रीराम के प्राकट्य की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म, अन्याय और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान अपने भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। भगवान श्रीराम का अवतार भी धर्म की स्थापना, असत्य पर सत्य की विजय और मानव समाज को मर्यादा का मार्ग दिखाने के लिए हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का संपूर्ण जीवन मानवता के लिए आदर्श है। उनके जीवन से हमें माता-पिता के प्रति सम्मान, गुरु के प्रति श्रद्धा, भाईचारे, त्याग, प्रेम और मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा मिलती है।
महाराज ने कहा कि श्रीराम जन्म का प्रसंग केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने भीतर सद्भाव, प्रेम और धर्म के भाव को जागृत करने का संदेश भी देता है। मनुष्य को अपने जीवन में प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महिलाओं एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने बधाई गीत गाकर उत्सव में भाग लिया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के वातावरण से गूंज उठा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































