17वीं जिला स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

50

विजेता खिलाड़ी जयपुर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संघ प्रतिबद्ध
हनुमानगढ़।
राजीव गांधी स्टेडियम में हनुमानगढ़ जिला वुशु संघ के तत्वावधान में 17वीं जिला स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में जयपुर में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में हनुमानगढ़ जिला वुशु संघ के अध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। वुशु जैसे मार्शल आर्ट खेल में खिलाड़ी को शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिले में वुशु खेल के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। 100 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हनुमानगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। संघ का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच, उचित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए जयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।