हनुमानगढ़ टाउन में पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज का भव्य होली स्नेह मिलन

113

सोहनलाल हरकिया बने अध्यक्ष, सामाजिक एकता और सुधार पर हुआ मंथन
हनुमानगढ़ टाउन स्थित आशीर्वाद पैलेस में पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की भारी उपस्थिति रही, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दयाल राम चकेणिया गोभगत झालावाड़ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विशन ढिलवाड़ी उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में अशोक झालामंड सिनावड़िया, जोधपुर ने समाज के समक्ष अपने विचार रखे। इसके अतिरिक्त अतिथि के रूप में खेताराम प्रजापति सिनावड़िया, पूर्व पार्षद जोधपुर ने भी स्नेह मिलन में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य दक्ष प्रजापति के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन की भूमिका और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला। स्नेह मिलन के दौरान हनुमानगढ़ की नई कार्यकारिणी पर भी विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से सोहनलाल हरकिया को पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज, हनुमानगढ़ का अध्यक्ष घोषित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष का समाज के गणमान्य लोगों ने माला पहनाकर अभिनंदन किया।इस अवसर पर सोहनलाल हरकिया ने कहा कि समाज ने जो विश्वास जताकर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे तन, मन और धन से निभाएंगे। उन्होंने समाज के वरिष्ठ नागरिकों के मार्गदर्शन में समाज को शिक्षा, संगठन और एकता के पथ पर आगे ले जाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज में बढ़ रही कुरीतियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। प्रबुद्ध नागरिकों ने सामाजिक सुधार, शिक्षा के प्रसार, आपसी भाईचारे और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी संवाद को बढ़ाते हैं और संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।