– चार राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने जीते 5 स्वर्ण और 4 रजत पदक
हनुमानगढ़। पंजाब के मलोट में आयोजित 5वीं इंटर स्टेट गौजुरियू कराटे चैंपियनशिप में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 22 व 23 अगस्त को मोट, पंजाब के अड़वड़ गंज गेस्ट हाउस, मलोट में किया गया। प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के करीब 300 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लिया।
राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए हनुमानगढ़ स्पोर्ट्स कराटे क्लब के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लक्ष्मी गुप्ता ने 43 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। जानवी ने 56 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक तथा शुनीधी ने 39 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं हुशनजोत ने 25 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक, चारवी ने 19 किलो भार वर्ग में सिल्वर पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने कुल पांच स्वर्ण और चार रजत पदक हासिल किए।
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सिजल ने 65 किलो, कीर्ति ने 32 किलो, जतिन गुप्ता ने 30 किलो तथा सचिन ने 49 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी तकनीक, फिटनेस और अनुशासन का परिचय देते हुए पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद हनुमानगढ़ लौटे खिलाड़ियों का खेल प्रेमियों और क्लब पदाधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































