लड़कियों को छेड़ रहे बदमाशों को खिलाड़ी कृष्णा पूनिया ने पकड़वाया

0
393

चूरू: सादुलपुर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया ने रविवार दोपहर दो बहनों से छेड़छाड़ करने वाले एक लड़के को पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार कृष्णा पूनिया दोपहर बाद बहल रोड से आ रही थी। पिलानी रेलवे फाटक बंद होने के कारण कार रोक ली। इसी बीच दो बहनों से तीन लड़के छेड़छाड़ कर रहे थे।

पूनिया बालिकाओं के पास पहुंची और पूछा तो वे रोने लगी। उन्होंने आप बीती बताई। कृष्णा पूनिया को देख तीनों लड़के भागने लगे। कृष्णा ने पीछा कर एक लड़के को पकड़ लिया, लेकिन दो भाग गए। इसके बाद मौके पर पुलिस बुलाकर लड़के को सौंप दिया। पूनिया ने दोनों बालिकाओं को गाड़ी से उनके घर छोड़ा।

इस संबंध में वार्ड 12 निवासी ने रविवार शाम मामला दर्ज करवाया कि उसकी बहन सामान खरीदने बाजार जा रही थीं। तभी मोटरसाइकिल पर सवार रड़वा गांव निवासी सूरजभान, ओमप्रकाश व पवन ने छेड़छाड़  शुरू कर दी। कृष्णा पूनिया ने आरोपितों का पीछा कर सूरजभान को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।