नगर परिषद चुनाव: वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रत्याशी विजेंद्र साई को लड्डुओं से तौला

81

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा जनसैलाब, प्रत्याशी बोले— ‘नए जुड़े क्षेत्रों की भी बदलूंगा तस्वीर’
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 34 में चुनावी सरगर्मियां पूरी तरह परवान पर हैं। कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद विजेंद्र कुमार साई के समर्थन में आयोजित विशाल चुनावी नुक्कड़ सभा में स्थानीय निवासियों और युवाओं का भारी समर्थन देखने को मिला। इस दौरान वार्डवासियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रत्याशी विजेंद्र साई का जोरदार स्वागत किया और उन्हें लड्डुओं से तौलकर अपना खुला समर्थन जताया।
सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए वार्डवासियों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य भूपेंद्र चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ‘बेबी’ और कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक ने कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और क्षेत्र के विकास कार्यों को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि विजेंद्र साई ने अपने पिछले कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के समर्पित भाव से जनसेवा की है, जिसके चलते वे जनता के चहेते प्रतिनिधि बने हैं।
प्रत्याशी विजेंद्र कुमार साई ने जनता को संबोधित करते हुए अपने पिछले कार्यकाल के कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा, “परिसीमन से पूर्व ये गलियां दूसरे वार्ड का हिस्सा थीं और अब वार्ड 34 में शामिल हुई हैं। मैंने जिस तरह पहले अपने क्षेत्र में विकास कराया था, उसी तर्ज पर इन नई गलियों की भी दशा बदल दूंगा।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए जुड़े क्षेत्रों में भी विकास कार्य दोगुनी गति से होंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।