आपसी विवाद का हुआ समाधान, 40 साल पुराने जमीन विवाद का निपटारा

228

– अंत्योदय पखवाड़े में 110 बीघा कृषि भूमि का राजीनामे से हुआ सहमति पूर्ण विभाजन
हनुमानगढ़। पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोड़किया में आयोजित जनकल्याण शिविर में वर्षों पुराने पारिवारिक भूमि विवाद का समाधान कर एक मिसाल पेश की गई। शिविर में पटवार मंडल जोड़किया के चक 14 एलएलडब्ल्यू में स्थित प्रेम सहु व सत्यनारायण सहु की 110 बीघा संयुक्त कृषि भूमि का आपसी सहमति से राजीनामे द्वारा विभाजन किया गया। यह विवाद पिछले 40 वर्षों से लंबित था, जिससे दोनों भाई बैंक ऋण व सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे।
शिविर में एसडीएम मांगीलाल सुथार, तहसीलदार एवं शिविर प्रभारी हरीश सारण, गिरदावर सुरेश स्वामी, हल्का पटवारी विक्रम शर्मा तथा राजस्व विभाग की टीम के प्रयासों से दोनों भाइयों के बीच राजीनामा हुआ और सहमति से खाता विभाजन संपन्न कराया गया। जैसे ही 110 बीघा भूमि का विभाजन हुआ, दोनों भाइयों के चेहरे पर प्रसन्नता झलक उठी।
इस मौके पर राजस्व अधिकारियों ने बताया कि वर्षों से लंबित इस मामले का समाधान पखवाड़े के माध्यम से संभव हो पाया है। इससे दोनों भाइयों को न केवल बैंक और सरकारी योजनाओं में लाभ मिलेगा, बल्कि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद भी नहीं रहेगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।