बिरसा मुंडा जयंती पर एनएसएस इकाई द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

319

– भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा की भूमिका पर छात्रों ने रखे विचार
हनुमानगढ़ टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में आज, 4 नवंबर को एनएसएस इकाई प्रथम की ओर से महान जननायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था – “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा की भूमिका”। इस अवसर पर स्वयं सेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बिरसा मुंडा के योगदान, उनके संघर्षों और देशभक्ति से प्रेरित जीवन पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात प्रतिभागी छात्राओं ने उनके अदम्य साहस और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को अपने भाषणों में उजागर किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रियांशु गर्ग ने प्राप्त किया जबकि गगनदीप कौर द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्रीमती अनु मुंजल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने भारत के आदिवासी समाज में जागरूकता फैलाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहें। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ ने विजेताओं को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में देशभक्ति, सामाजिक चेतना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयं सेविकाओं ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी ने प्रस्तुत किया। इस प्रकार, यह आयोजन बिरसा मुंडा के प्रेरणादायक जीवन और उनके योगदान को याद करने का एक सार्थक प्रयास रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।