वरिष्ठजनों की सेवा को समर्पित विशेष शिविर आयोजित

36

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ तीर्थ यात्रा आवेदन सुविधा का लाभ मिला
हनुमानगढ़। जय श्री राम सेवा समिति, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार को अपना घर आश्रम, हनुमानगढ़ टाउन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठजन पहुंचे और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की तीर्थ यात्रा योजना से जुड़ी सुविधाओं का लाभ उठाया।
समिति के सेवादार राजीव मिश्रा एवं विजय खत्री ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें तीर्थ यात्रा योजना का लाभ दिलाना रहा। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। जांच के दौरान रक्तचाप, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। शिविर का 26 लोगो ने लाभ लिया।
इसके अलावा राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की तीर्थ यात्रा योजना के लिए आवेदन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों के फॉर्म निःशुल्क भरे गए। समिति के कार्यकर्ताओं ने आवेदकों को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देकर मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चले इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाजोपयोगी पहल बताया।
जय श्री राम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों की सेवा एवं सहायता के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सके। शिविर के सफल संचालन में राजीव मिश्रा, विजय खत्री, तेज सिंह कंबोज, डॉ डीसी सरसावा, अमित सक्सेना, राजेन्द्र भगत, दीपक खन्ना, केवल कृष्ण, रोहित अरोड़ा, सुखराम मेहरड़ा, विजय कुमार सहित समिति के अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।