महिला सत्संग मंडलों ने मिलकर मनाया पारंपरिक तीज महोत्सव, नृत्य और भजन से गूंजा माहौल
हनुमानगढ़ टाउन में आज हरियाली तीज के उपलक्ष्य में पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर महिला सत्संग मंडल व श्री शिव मंदिर महिला सत्संग मंडल द्वारा संयुक्त रूप से राजा की कोठी पार्क में वनभोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों मंडलों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस पारंपरिक त्योहार को मनाने की अनोखी पहल की।
मंडल की वरिष्ठ सदस्य विमला करवा ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाली तीज भारतीय संस्कृति में महिलाओं का अत्यंत प्रिय त्यौहार है, जो प्रकृति की हरियाली के साथ महिलाओं के सौंदर्य, उत्साह और धार्मिक भावना को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को हमारी समृद्ध परंपराओं से जोड़ना है, क्योंकि आज की युवा पीढ़ी इन त्योहारों से दूर होती जा रही है। इसी भावना के साथ महिला मंडलों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया। वनभोजन के दौरान सभी सदस्यों ने अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजन व स्वादिष्ट पकवान बनाकर लाए। पूड़ी, सब्जी, दाल, चावल, खीर, हलवा, बेसन के लड्डू सहित कई प्रकार के स्वादिष्ट और घरेलू भोजन का सभी ने आनंद लिया। सभी महिलाओं ने मिलकर हर्षोल्लास से वनभोजन किया और एक पारिवारिक वातावरण का अनुभव किया। वनभोजन के उपरांत कार्यक्रम में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया, तथा भजन- कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक झूलों की भी व्यवस्था की गई थी, जहां महिलाओं और बालिकाओं ने झूला झूलकर तीज का आनंद उठाया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और इस आयोजन को यादगार बना दिया। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि ऐसे आयोजन समय- समय पर होने चाहिए ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक बनी रहे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































