यागिनी पचार ने जीते चार पदक, जूनियर नेशनल के लिए राजस्थान टीम में चयन

18

हनुमानगढ़। राजीव गांधी स्टेडियम, हनुमानगढ़ जंक्शन में नियमित अभ्यास करने वाले जिले के तीरंदाजों ने राजस्थान स्टेट जूनियर एवं सब-जूनियर आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। श्रीगंगानगर की बिहाणी क्रिकेट अकादमी में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में कुल आठ पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की तीरंदाज यागिनी पचार का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। जूनियर वर्ग के कम्पाउंड वर्ग में यागिनी पचार ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं सब-जूनियर वर्ग के कम्पाउंड महिला वर्ग में भी उन्होंने एक कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह यागिनी ने प्रतियोगिता में कुल चार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
यागिनी के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का सबसे बड़ा परिणाम यह रहा कि उनका चयन आगामी जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप के लिए राजस्थान की टीम में हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से यागिनी के परिवार, प्रशिक्षकों और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
सब-जूनियर वर्ग में भी हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रिकर्व वर्ग में यशवर्धन सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। कम्पाउंड पुरुष वर्ग में करण थौरी ने एक रजत और एक कांस्य पदक, करण दत्त ने एक कांस्य पदक तथा मनीष ने एक कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी मेहनत और निरंतर अभ्यास को प्रदर्शन में बदलते हुए जिले की खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।