कराटे प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

15

एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव
हनुमानगढ़। द्वारका देवी मार्शल आर्ट एकेडमी, हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित स्कूल ओपन गोजू रियू कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया। विजेता खिलाड़ियों के हनुमानगढ़ आगमन पर वन विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मानसिंह भाटी द्वारा स्वागत किया।
प्रतियोगिता में एकेडमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रजत सिंह भाटी ने अंडर-65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रजत ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन की एकेडमी के प्रशिक्षकों एवं साथी खिलाड़ियों ने सराहना की।
इसी क्रम में भानु प्रताप सिंह शेखावत ने अंडर-78 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। भानु ने कड़े मुकाबलों में अपनी तकनीकी क्षमता और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं एकेडमी के युवा खिलाड़ी नवदीप ने 19 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। कम उम्र में नवदीप की इस उपलब्धि को एकेडमी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से द्वारका देवी मार्शल आर्ट एकेडमी में खुशी का माहौल रहा। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। एकेडमी के प्रशिक्षकों ने कहा कि मार्शल आर्ट केवल खेल नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने का माध्यम भी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।