पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन, प्रतापगढ़ के लिए होगी टीम रवाना
हनुमानगढ़। बिहाणी स्टेडियम, नोहर में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 में हनुमानगढ़ ब्लॉक के प्रधानाचार्यों एवं अध्यापक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और दमदार प्रदर्शन के साथ मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। हनुमानगढ़ ब्लॉक के खिलाड़ियों की सफलता से शिक्षा विभाग एवं खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ ब्लॉक की ओर से पवन कौशिक, राजेंद्र डाल, नरेश महाजन, सौरभ गर्ग एवं अनुराग गिरी ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में शानदार तालमेल और खेल भावना देखने को मिली। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सभी पांच खिलाड़ियों का राजस्थान राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बनने के बाद अब हनुमानगढ़ ब्लॉक की टीम राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। आगामी राजस्थान राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए टीम उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ के लिए रवाना होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































