एनडीपीएस अनुमति रहित मेडिकल स्टोरों को सीसीटीवी अनिवार्यता से राहत की मांग

32

हनुमानगढ़। जिला कैमिस्ट एसोसिएशन हनुमानगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर एनडीपीएस औषधियों की अनुमति रहित मेडिकल दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनिवार्यता में राहत देने की मांग की। एसोसिएशन के सचिव महेन्द्र कासनिया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि जिले में अधिकांश मेडिकल दुकानें छोटे गांवों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रही हैं। इनमें कई दुकानदार आर्थिक रूप से कमजोर हैं तथा उनके पास सीमित संसाधन हैं। साथ ही इन दुकानों को एनडीपीएस औषधियों के विक्रय की विभागीय अनुमति भी प्राप्त नहीं है।
ज्ञापन में कहा गया कि जिन फर्मों को एनडीपीएस औषधियों के विक्रय की विभागीय स्वीकृति प्रदान की गई है, उन फर्मों के लिए सीसीटीवी कैमरों की बाध्यता पूर्व की तरह यथावत रखी जा सकती है। वहीं जिन मेडिकल स्टोरों के पास एनडीपीएस औषधियों की अनुमति नहीं है, उन्हें सीसीटीवी कैमरे की अनिवार्यता से मुक्त करने अथवा इसमें आवश्यक शिथिलता प्रदान करने की मांग की गई।
एसोसिएशन सचिव महेन्द्र कासनिया ने कहा कि जिले के किसी भी केमिस्ट को घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन केमिस्ट समुदाय के प्रति सकारात्मक सोच रखता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी केमिस्ट के हित से जुड़ा कोई विषय सामने आता है तो पूरा कैमिस्ट संघ उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने जिला कलेक्टर के समक्ष मेडिकल स्टोरों पर होने वाली जांच एवं कार्रवाई के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को भी रखा।
कासनिया ने बताया कि कई बार जब किसी मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई या जांच के लिए ड्रग विभाग की टीम के साथ पुलिस भी पहुंचती है और जांच में संबंधित केमिस्ट दोषी नहीं पाया जाता, तब भी मौके पर पुलिस की मौजूदगी के कारण आसपास के लोगों में गलत संदेश जाता है। इससे संबंधित केमिस्ट की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। उन्होंने इस संबंध में भी उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।