अटल भूजल योजना में अनुदान अटका, किसानों में रोष

53

– 3-3 लाख रुपये की राशि नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। जिले में अटल भूजल योजना के तहत किसानों को मिलने वाली अनुदानित राशि में हो रही देरी को लेकर किसानों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। समस्त प्रभावित किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में किसान नेता रेशम सिंह माणुका ने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान अटल भूजल योजना के अंतर्गत सिंचाई के लिए डिग्गियों का निर्माण और कृषि यंत्रों की खरीद की गई थी। इस योजना के तहत प्रति किसान 3-3 लाख रुपये की अनुदान राशि मिलने का प्रावधान है। किसानों का कहना है कि उन्होंने सरकार की योजना पर भरोसा करते हुए समय पर कार्य पूरा किया, लेकिन 18 माह बीत जाने के बाद भी उनके खातों में अनुदान की राशि जमा नहीं की गई है।
किसान नेता राय साहब मल्लड़खेड़ा ने आरोप लगाया कि डिग्गी निर्माण के दौरान कई किसानों ने ब्याज पर पैसा उठाया था, यह सोचकर कि 10-15 दिनों में उन्हें अनुदान मिल जाएगा। लेकिन भुगतान में हो रही देरी के कारण अब किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। ब्याज सहित उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कई किसानों के अनुसार अब तक उन्हें करीब 2-2 लाख रुपये का अतिरिक्त घाटा हो चुका है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 3-3 लाख रुपये की अनुदानित राशि जमा करवाई जाए। साथ ही, देरी के कारण किसानों को जो आर्थिक नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई भी सरकार द्वारा की जाए।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी 19 तारिख को कलैक्टर कार्यलय का घेराव किया जाएगा जिसमें हजारों किसान आयेंगे ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।