फाटक गौशाला में श्रद्धा के साथ हुआ श्री सुंदरकांड पाठ

40

धर्मप्रेमियों ने लिया भगवान श्रीराम व हनुमान जी का आशीर्वाद, गोसेवा के लिए श्रद्धालुओं ने किया सहयोग
हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी, किले के पास स्थित फाटक गौशाला में श्री गौ सेवा संस्थान के तत्वावधान में गत रात्रि श्री सुंदरकांड पाठ का श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी, गोभक्त एवं श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी का स्मरण करते हुए सुंदरकांड पाठ का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान जेपी गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता एवं रेनू गुप्ता रहे। श्री सुंदरकांड पाठ का वाचन श्री सांवलिया सेठ मंदिर सुंदर कांड मित्र मंडल के सदस्यों द्वारा मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में किया गया। पाठ के दौरान प्रस्तुत भजनों, चौपाइयों एवं संगीतमय प्रस्तुति से पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।  श्री गौ सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुरलीधर गर्ग ने बताया कि फाटक गौशाला में प्रत्येक सप्ताह श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य धार्मिक भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ गोसेवा को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाली धनराशि का उपयोग असहाय, बीमार एवं सड़क दुर्घटनाओं में घायल गोवंश के उपचार, दवाइयों एवं देखभाल के लिए किया जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस सेवा कार्य में निरंतर सहयोग देने की अपील की। समापन अवसर पर सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और गौभक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।