– पूजा-अर्चना और आरती में उमड़े श्रद्धालु, 24 को भंडारा और 25 सितम्बर को शोभायात्रा
हनुमानगढ़। जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर प्रांगण में मंगलवार को 17वें गणेश महोत्सव का तीसरा दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया गया। स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल एवं जनसहयोग से आयोजित महोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा।
पंडित विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में सुबह यजमान सुधीर जांगिड़, सीमा जांगिड़ व सायं की आरती मुख्य यजमान रोहित सोनी, वन्दना सोनी ने सपरिवार भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद विधिवत आरती की गई। श्रद्धालुओं ने गणपति प्रतिमा के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
समिति अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि गणेश महोत्सव समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। महोत्सव को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि 24 सितम्बर को मंदिर प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। वहीं 25 सितम्बर को शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी तथा ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते गणपति बप्पा को विदाई देंगे। इसके साथ ही महोत्सव का समापन होगा।इस अवसर पर स्वर्णकार समाज समिति अध्यक्ष बबलू सोनी, सतीश सोनी,कोषाध्यक्ष अनिल मराठा,प्राचारमंत्री अमन सोनी, सुधीर जांगिड़,सागर सोनी,संजीव सोनी, राकेश जांगिड़, हर्ष सोनी,ध्रुव सोनी,जितेंद्र बेदी, दलीप सर,छिदा सिंह, समर जांगिड़,जय सोनी,विक्की, सहित अनेक पदाधिकारी व समाजजन मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































