-नशे से दूर रहने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए किया प्रेरित
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन के प्रांगण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा वर्ग छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियमों की पालना केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी बचाने के लिए भी जरूरी है।
अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने सहित विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों की पालना करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नियमों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे का अवैध व्यापार करने वालों के संबंध में जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस विभाग को देने का आह्वान किया गया। बताया गया कि नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदारी से ही युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































