भगत सिंह जयंती पर विद्यार्थियों को बताए बलिदान और क्रांतिकारी विचार

139

– भगत सिंह युवा क्लब ने नशामुक्ति का दिया संदेश, दोनों विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़।  शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर भगत सिंह युवा क्लब एवं ग्राम पंचायत नन्दराम की ढाणी की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नन्दराम की ढाणी तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय 8 एसएसडब्ल्यू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगत सिंह के जीवन, त्याग, बलिदान, देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों से परिचित करवाने के साथ ही समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के गुरुजनों मनोज जी पारीक अमीलाल जी छापोला विनोद जी ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगत सिंह ने कम उम्र में ही देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनके विचार आज भी युवाओं को देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
गुरुजनों ने विद्यार्थियों को भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। साथ ही नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित युवा ही मजबूत समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।