-स्वच्छता निरीक्षकों की बैठक में सख्त निर्देश, एनजीओ व स्थायी सफाई कर्मचारियों की सूची मांगी
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ की नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां एवं उपसभापति सोनू बंसल ने सोमवार को टाउन स्थित नगर परिषद सभागार में स्वच्छता निरीक्षकों की बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से पिछले करीब डेढ़ वर्ष के प्रशासक काल के दौरान प्रभावित हुई सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने और शहर को स्वच्छ एवं बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
सभापति मंजू रणवां ने स्वच्छता निरीक्षकों से शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शहर के मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, गलियों और वार्डों में नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरा उठाने की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता और उनके वार्डवार कार्य को लेकर भी चर्चा हुई। सभापति एवं उपसभापति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की वास्तविक सफाई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की तैनाती और कार्यों की निगरानी की जाए। सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी सामने आने पर तत्काल उसका समाधान करने के निर्देश दिए गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































