-जिला प्रभारी सुभाष कंदोई बोले- पंचायतीराज चुनावों में मजबूत संगठन के साथ मैदान में उतरेंगे
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने आगामी पंचायतीराज चुनावों और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों को लेकर हनुमानगढ़ जिले में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में बुधवार को आरएलपी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को पार्टी के हनुमानगढ़ जिला प्रभारी सुभाष कंदोई, संगरिया प्रभारी कपिल सहारण, हनुमानगढ़ प्रभारी प्रकाश रोज, जयसिंह बेनीवाल एवं वीरेन्द्र बेनीवाल ने संबोधित किया। नेताओं ने जिले में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और किसान मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी।
जिला प्रभारी सुभाष कंदोई ने कहा कि राजनीति संभावनाओं पर आधारित होती है और आरएलपी आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है। पार्टी का प्रयास रहेगा कि जिले के प्रत्येक गांव और वार्ड तक संगठन को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ किसान बाहुल्य क्षेत्र है और यहां आरएलपी के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कंदोई ने कहा कि हनुमानगढ़ में लंबे समय से कांग्रेस और भाजपा का प्रभाव रहा है, लेकिन आरएलपी स्वयं को तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में स्थानीय स्तर पर समान विचारधारा वाले लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































