जलभराव सहित शेष समस्याओं के समाधान का भरोसा, स्वच्छ एवं सुंदर वार्ड बनाने पर जोर

25

हनुमानगढ़। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के वार्डवासियों की ओर से वार्ड नंबर 3 के पार्षद मनोज बरसेवाल एवं वार्ड नंबर 6 के पार्षद वीर कमल बलराज दानेवालिया का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने दोनों पार्षदों का माला पहनाकर सम्मान किया और वार्ड की समस्याओं को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम में वार्डवासियों ने कहा कि पिछले वर्षों में क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी कुछ महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान होना बाकी है।
वार्डवासियों ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में विकास कार्यों से सुविधाओं में सुधार हुआ है, लेकिन बरसात के दौरान जलभराव की समस्या अभी भी प्रमुख बनी हुई है। कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दोनों पार्षदों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा वार्ड में नियमित रूप से साफ-सफाई करवाने की आवश्यकता भी जताई गई।
इस अवसर पर पार्षद मनोज बरसेवाल एवं वीर कमल बलराज दानेवालिया ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में शत-प्रतिशत जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही जहां आवश्यकता होगी, वहां संबंधित विभागों के माध्यम से कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।