हनुमानगढ़। टाउन स्थित श्री रामशरणम् आश्रम, कोहला नहर के पास, में रविवार को परम पूज्य भगत हंसराज जी महाराज की 110वीं जन्म शताब्दी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस दौरान आश्रम परिसर राम नाम के संकीर्तन से गूंज उठा और दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत राम नाम जप यज्ञ से हुई। इसके बाद विशाल अमृतवाणी सत्संग का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के आश्रम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर परिषद सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा, नवनिर्वाचित पार्षद प्रमोद सोनी, नवीन बाकोलिया, सुनील ढाका, भूपेंद्र नेहरा, ज्योत्सना अजय सिंगला, कृष्णा विजय स्वामी, सोनल आदित्य अग्रवाल व चंदन मोंगा ने शिरकत की। समाजसेवी अमित माहेश्वरी, विधायक के मीडिया प्रभारी कैलाश शर्मा, फूडग्रेन मर्चेन्ट्स के सचिव दलीप ढिल्लो, पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला व पूर्व सचिव सन्नी जूनेजा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्री रामशरणम् के प्रमुख अनिल गुम्बर ने बताया कि भगत हंसराज जी महाराज के उपदेशों, आध्यात्मिक साधना और राम नाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। उन्होंने बताया सुबह 6.00 बजे सें राम नाम का जाप आरम्भ हुआ और 4.30 बजे श्री अमृतवाणी पाठ का आरघ्म्भ हुआ। अमृतवाणी सत्संग के पश्चात कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का श्री रामशरणम् आश्रम की ओर से साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से जलपान की सेवा की गई। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने नगर परिषद से कोहला नहर से पंचायत घर तक सड़क के दोनों ओर चौक लगाने के कार्य की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ करवाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्री रामशरणम् के प्रमुख अनिल गुम्बर ने श्री अमरनाथ सेवा समिति, आश्रम के सभी सेवादारों, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































