पीडब्ल्यूडी ठेकेदारों ने किया टेंडर बहिष्कार का ऐलान

250

– समस्याओं के समाधान की मांग, 15 जुलाई से सभी निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। 
सार्वजनिक निर्माण विभाग वृत हनुमानगढ़ में ठेकेदारों ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत टेंडरों के बहिष्कार की घोषणा की है। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर संयुक्त ठेकेदार संघ ने अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करवाया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगे नहीं मानी गईं, तो 15 जुलाई 2025 से समस्त निर्माण कार्यों को बंद कर दिया जाएगा, जिससे राज्य सरकार के विकास कार्य प्रभावित होंगे।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से पीडब्ल्यूडी ठेकेदार अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग सभी प्रकार के निर्माण कार्यों की गारंटी अवधि को अधिकतम 3 वर्ष तक सीमित करना है। इसके अतिरिक्त जीएसटी अंतर की भरपाई, कार्यों के समय पर भुगतान, समयावधि बढ़ाने की शक्ति उसी अधिकारी को देने की मांग की गई है जो टेंडर करता है।
संघ की अन्य प्रमुख मांगों में नए ट्रैफिक लोड के अनुसार सड़क डिज़ाइन का निर्धारण और कार्यों में सुरक्षा निधि (एसडी) की दर को 5 प्रतिशत तक सीमित करना। संघ ने आरोप लगाया कि विभागीय अनदेखी के चलते ठेकेदारों को भारी वित्तीय व मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें नहीं मानी जाती, तब तक न तो कोई नया टेंडर भरा जाएगा और न ही किसी भी निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अधीक्षण अभियंता से मांग की कि वृत हनुमानगढ़ में प्रस्तावित सभी टेंडरों की तिथियाँ आंदोलन समाप्त होने के बाद ही रखी जाएँ, ताकि प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। संघ ने सभी ठेकेदारों से आंदोलन के दौरान एकजुट रहते हुए टेंडरों का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की है। संघ ने यह भी कहा कि यदि सरकार समय रहते समाधान नहीं करती है, तो समस्त लेबर और स्टाफ को अवकाश देकर कार्यस्थलों को बंद करना उनकी मजबूरी होगी। इसके लिए सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार और विभाग की होगी। इस मौके पर सुरेंद्र कड़वासरा,संदीप कुमार, नीरज कुमार, मुकेश मित्तल, नमन तायल, घु्रव तायल, अभिषेक बंसल योगी, सतीश बंसल, दीपक बंसल, दीपक लड्ढ़ा, मिटू ठेकेदार, अभिषेक बंसल, कुलवंत, विक्रम सहारण, ईश्वर तायल, यश तायल, नीरज चिलाना, निर्मल सिंह, हरपाल, पवन गोदारा, अजय भूतिया, राकेश, विशाल, श्याम सुन्दर मोदी, अजय घोटिया, पवन गोदारा, वीरेन्द्र, विशाल, राकेश सहित अन्य ठेकेदार मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।