गौशाला सेवा समिति, आरएसएस व भारत विकास परिषद का संयुक्त आयोजन
हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों व नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग शिविर के मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल थे, जिन्होंने अपने संबोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया और युवाओं से इसे अपने जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में निवर्तमान नगर परिषद सभापति सुमित रणवां, अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल तथा कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, समाजिक कार्यकर्ता सुमन चावला, एडवोकेट जितेन्द्र गर्ग, डॉ. अमर सेतिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात योगाचार्य तरुणा सारस्वत ने उपस्थित जनों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया और उनके शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
शिविर में उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत गौशाला सेवा समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने किया। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में योग ही एकमात्र ऐसा साधन है, जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रख सकता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारत विकास परिषद, गौशाला सेवा समिति के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को इसके नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करना था।
शिविर के अंत में धन्यवाद ज्ञापन समिति पदाधिकारी द्वारा किया गया। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संयुक्त प्रयासों की सराहना की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। मंच का संचालन भीष्म कौशिक ने किया। कार्यक्रम के अंत में अशोक भारतीय, सुन्दर अग्रवाल, मनीष बत्तरा, सतीश अग्रवाल, गौरव, महेश जसूजा मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































