हनुमानगढ़। व्यापार मण्डल शिक्षा समिति, हनुमानगढ़ टाउन में शुक्रवार 27 जून को 50वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 27 जून से 29 जून तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस आयोजन को जिला बास्केटबॉल संघ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 20 और बालिका वर्ग की 18 टीमों ने पंजीकरण कराया है। बालिका वर्ग के उद्घाटन मैच में अजमेर और पाली के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें अजमेर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। अन्य मुकाबलों में जोधपुर बनाम बीकानेर, सीकर बनाम शुन्नानु और गंगानगर बनाम चित्तौड़गढ़ के बीच कड़े मुकाबले हुए, जिनमें क्रमशः बीकानेर, शुन्नानु और गंगानगर की टीमें विजयी रही। बालक वर्ग में भी दर्शनीय उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रथम मैच नागौर और जोधपुर के बीच खेला गया, जिसमें नागौर की टीम ने बाज़ी मारी। वहीं अजमेर और बीकानेर के बीच हुए मैच में अजमेर की टीम विजेता बनी। प्रतियोगिता का आयोजन सुबह 6 बजे से प्रारंभ हुआ और खिलाड़ियों में उत्साह देखते ही बन रहा था। तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय आयोजन के तहत सभी खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था व्यापार मण्डल शिक्षा समिति एवं जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा नि:शुल्क की गई है। खेल मैदान में बनी विशेष व्यवस्थाओं और अनुशासित संचालन के कारण आयोजन का प्रथम दिन पूरी तरह सफल रहा। खेल प्रेमियों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने खिलाड़ियों का मनोबल और भी बढ़ाया। प्रतियोगिता के माध्यम से नवोदित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है, जिससे भविष्य के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावना प्रबल हो रही है। प्रतियोगिता का समापन 29 जून को किया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































