– शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने किया प्रतिमा विसर्जन
हनुमानगढ़। जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित 17वें गणेश महोत्सव का शुक्रवार को गणपति प्रतिमा विसर्जन के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण माहौल में समापन हुआ। स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल एवं जनसहयोग से आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। भक्तों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर गणपति बप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा और उत्साह का इजहार किया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया। महिलाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह नजर आया।
इससे पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडित विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में यजमानों ने भगवान गणेश की पूजा कर आरती की। इसके बाद गणपति बप्पा की प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक शोभायात्रा के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालु पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष लगाते रहे। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
समिति अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि दस दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुवार को मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































