जोड़ मेले के समापन पर बाबा जोगा सिंह ने साध-संगत व सेवादारों का जताया आभार
राजस्थान, पंजाब व हरियाणा से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु इतिहास से जुड़कर बढ़ाई मेले की शोभा
हनुमानगढ़ । टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा मेहताब सिंह, छावनी बुढ्ढा दल में आयोजित सालाना जोड़ मेले के सफल समापन पर गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने इलाकावासियों, शहरवासियों, विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंध कमेटियों, सामाजिक संस्थाओं तथा साध-संगत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जोड़ मेला पंथ की महान शख्सियत बाबा बलबीर सिंह अकाली 96 करोड़ी, बुढ्ढा दल की सरपरस्ती में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
बाबा जोगा सिंह ने कहा कि जोड़ मेले में राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साध-संगत पहुंची। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में अपनी हाजिरी लगाई और गुरु इतिहास से जुड़कर मेले की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि संगत की भारी उपस्थिति से पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। उन्होंने कहा कि जोड़ मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि गुरु इतिहास, सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे से जुड़ने का अवसर भी है। दूर-दराज से पहुंची साध-संगत ने गुरु घर में माथा टेका और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि जोड़ मेले के दौरान गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–बाबा मेहताब सिंह प्रबंधक कमेटी के साथ शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं तथा आसपास के गुरुद्वारों की प्रबंध कमेटियों ने भी बढ़-चढ़कर सेवा की। संगत के लिए जगह-जगह विशाल भंडारे लगाए गए और श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया गया। उन्होंने सभी सेवादारों, संस्थाओं, गुरुद्वारा कमेटियों और संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं सेवा भावना से ही यह आयोजन सफल हो सका। इस मौके पर बाबा जी ने जिला प्रशासन,जिला पुलिस प्रशासन का भी धन्यवाद किया जिन्होंने कानून व्यवस्था बनाने में पूरा सहयोग किया । उन्होंने साध- संगत से आह्वान किया कि इसी प्रकार भविष्य में भी गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह–बाबा मेहताब सिंह के साथ जुड़कर गुरु घर की सेवा में अपना योगदान देते रहें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































