– गुरुद्वारा प्रेम नगर से दी गई हरी झंडी, डॉक्टरों और सेवकों की टीम करेगी यात्रियों की सेवा
हनुमानगढ़। रुणिचा धाम (रामदेवरा) की पैदल यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हनुमानगढ़ टाउन से निशुल्क चिकित्सा सेवा मोबाइल भंडारा रवाना किया गया। यह सेवा भटनेर मेडिकल सेवा समिति की ओर से लगातार 17वें वर्ष शुरू की गई है। मोबाइल भंडारे का शुभारंभ प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु नानकसर परिसर से किया गया, जहां गुरुद्वारा प्रेम नगर के प्रधान बलकरन सिंह ढिल्लों ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। इस अवसर पर पार्षद एवं समिति सदस्य प्रेम मेघवाल ने बताया कि यह सेवा विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए है जो पैदल यात्रा कर रुणिचा धाम पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी जरूरत पड़ने पर इस मोबाइल भंडारे के माध्यम से डॉक्टरों और सेवादारों की टीम सहायता प्रदान करेगी।मोबाइल सेवा में डॉ. अनुराग मित्तल (एमडी एक्यूप्रेशर), डॉ. नवल किशोर (एमबीबीएस), जसवंत कुमार खन्ना सहित अन्य सेवक एक वैन में आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक चिकित्सा सामग्री के साथ रवाना हुए। इस पहल का उद्देश्य है कि पैदल यात्रियों को रास्ते में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य परेशानी होने पर तुरंत राहत मिल सके।इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रेम नगर के कोषाध्यक्ष जगदीप सिंह, कमलजीत सिंह धंजू, कुरशेद सिकंदर, कमल हसन, दिलीप सिंह ढिल्लों, बग्गा सिंह जज, गुरुबूटा सिंह बराड़ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित सभी लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए बहुत उपयोगी बताया।भटनेर मेडिकल सेवा की यह पहल समाज में नि:स्वार्थ सेवा और सहयोग की मिसाल पेश करती है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































