– पोषण रंगोली के जरिए बच्चों के पौष्टिक आहार की दी जानकारी, शिशुओं का कराया अन्नप्राशन
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन के गांधीनगर क्षेत्र स्थित वार्ड 10 एवं वार्ड 38 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं शिशुओं के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए भेजे गए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, पार्षद सरनजीत कौर, महिला पर्यवेक्षक रजनी तथा स्वास्थ्य विभाग से शिक्षा ने कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में पोषण को लेकर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान पोषण रंगोली तैयार की गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दर्शाते हुए बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार से संबंधित जानकारी दी गई। रंगोली के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने तथा नियमित एवं संतुलित आहार देने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों के लिए अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विधिवत रूप से बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया तथा अभिभावकों को शिशुओं के पोषण और खान-पान को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि बच्चे के विकास के लिए प्रारंभिक अवस्था में उचित पोषण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































