अधिवक्ता अध्यक्ष को धमकी मामले में आक्रोश के बीच बड़ी कार्रवाई

32

-इस्तगासा पर रिछपाल खर्रा के खिलाफ एफआईआर के आदेश, 24 घंटे में कोर्ट में पेश करनी होगी कॉपी
हनुमानगढ़। जिला अधिवक्ता संघ एवं बार संघ हनुमानगढ़ अध्यक्ष रोहित सिंह खिच्ची को व्हाट्सएप कॉल के जरिए कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने और न्यायालय में विधायक गणेशराज बंसल व पूर्व सभापति सुमित रणवां की पैरवी छोड़ने का दबाव बनाने के मामले में सोमवार शाम महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया। मामले में न्यायालय ने इस्तगासा पर रिछपाल खर्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित थाना पुलिस को 24 घंटे के भीतर एफआईआर की प्रति न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले सोमवार को कार्रवाई नहीं होने के विरोध में अधिवक्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। बार संघ के सदस्यों ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार करते हुए न्यायालय परिसर में पुलिस की एंट्री पर रोक लगा दी। पार्किंग स्थल के पास अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बार संघ अध्यक्ष रोहित सिंह खिच्ची के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ और ‘वकील एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
मामला शनिवार सुबह का बताया गया है। रोहित सिंह खिच्ची के अनुसार, न्यायालय आने के लिए घर से निकलने के दौरान सुबह करीब 10.33 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम रिछपाल खर्रा बताते हुए विधायक गणेशराज बंसल और पूर्व सभापति सुमित रणवां की न्यायालय में पैरवी छोड़ने के लिए कहा। मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप है। खिच्ची के अनुसार कॉल करने वाले ने पुलिस प्रशासन और सरकार में अपनी पहुंच होने तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का खास व्यक्ति होने का दावा भी किया।
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना देकर मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अधिवक्ताओं का आरोप था कि पुलिस ने बिना जांच के मुकदमा दर्ज करने से इनकार किया। इसके बाद सोमवार को विरोध तेज हो गया और पुलिसकर्मियों को न्यायालय परिसर में प्रवेश से रोका गया। मुकदमे की रिपोर्ट पेश करने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी अधिवक्ताओं ने रोक दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।