यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत, बस के 19 चालान

45

यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में प्राइवेट स्लीपर AC बस आग (Noida AC Bus Fire) की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर की दूरी पर रात लगभग 11:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में अचानक बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियां तोड़ीं और बाहर छलांग लगा दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।नोएडा के CFO प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन में आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने की सही वजह की जांच अभी जारी है।

45 मिनट में बुझी आग, दो घंटे चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक करके शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। आग इतनी भीषण थी कि सभी शव बुरी तरह जल गए हैं। इस वजह से मृतकों की पहचान करने में मुश्किल आ रही है। पुलिस शवों की पहचान के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

ड्राइवर और कंडक्टर हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है और इसका रजिस्ट्रेशन मध्य प्रदेश का है। वहीं, हमीरपुर के एक यात्री ने आरोप लगाया है कि आग लगने के बाद भी ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। यात्री के मुताबिक, जब लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलना शुरू किया, तब बस को रोका गया। हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे की दिल्ली-आगरा लेन पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।

मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देंगे
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

बस के 19 चालान, डेढ़ लाख से अधिक का जुर्माना
पुलिस ने बताया कि बस के 19 चालान हो चुके हैं। कुल 1 लाख 75 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बस में यात्रियों को बैठाने के साथ-साथ माल ले जाने के मामले में सबसे अधिक चालान किए गए हैं। इसके अलावा बिना लाइसेंस और परमिट का भी चालान हुआ है। बस का पहला चालान वर्ष 2024 में हुआ था। अब तक जुर्माने की राशि जमा नहीं की गई है।

पिछले साल कितनी हुई घटना

16 दिसंबर : मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गई थीं। हादसे में 19 यात्रियों की मौत हुई थी।

26 अक्टूबर: यूपी के लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती AC बस का टायर फट गया। इसके बाद बस में आग लग गई। बय में 70 यात्री सवार थे, सभी बाल-बाल बचे।

24 अक्टूबर: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एसी बस से बाइक टकराने के बाद आग लग गई थी। हादसे में 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। 19 यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई।

14 अक्टूबर: जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई थी। इस हादसे में 28 यात्रियों की मौत हो गई थी।