एफआईआर 185/2026 के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

31

– सर्व समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच कराने की उठाई मांग
हनुमानगढ़।
सर्व समाज, हनुमानगढ़ की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर संख्या 185/2026 के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। ज्ञापन में 22 सितंबर 2026 को चाणक्य कोचिंग संस्थान के कार्यालय में कथित रूप से हुई मारपीट, तोड़फोड़ एवं अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि 22 सितंबर को मोहन दुगेसर, नरेश पलथानिया, अनीषा सहित दो अन्य व्यक्ति कथित रूप से एकराय होकर लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से लैस होकर चाणक्य कोचिंग संस्थान के कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि कार्यालय में पहुंचते ही सरला देवी के साथ मारपीट एवं अश्लील हरकतें की गईं। वहीं, राज तिवाड़ी पर जान से मारने के उद्देश्य से मोहन दुगेसर द्वारा लोहे की रॉड से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि उक्त घटनाक्रम के संबंध में पूर्व में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया था। आरोप लगाया गया कि इसके बाद राज तिवाड़ी के विरुद्ध झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया। साथ ही, कोचिंग संस्थान को बदनाम करने के उद्देश्य से मुकदमा दर्ज होने के बावजूद संस्थान के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया और कथित रूप से जबरन कोचिंग संस्थान बंद करवाया गया।
सर्व समाज की ओर से ज्ञापन में कहा गया कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण कोचिंग संस्थान में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हुई तथा संस्थान एवं संचालक की सामाजिक छवि प्रभावित हुई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि घटनाओं के पीछे कोचिंग संस्थान को बदनाम करने की साजिश हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराने, घटनाक्रम में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच करने तथा एफआईआर संख्या 185/2026 में नामजद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की मांग की गई। सर्व समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले में सभी पक्षों के बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस मौके पर कालूराम शर्मा, सुरेश शर्मा, अशोक सुथार, गुरप्रीत सिंह, लवली कंबोज, गिरधारी, राजेश मिड्ढा, महेश शर्मा सहित अन्य समाज के लोग मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।