एनएसएस स्थापना दिवस पर शिविर में स्वयंसेविकाओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प

28

– माय भारत पोर्टल पर कराया पंजीयन, नशामुक्त भारत अभियान में भी सहभागिता
हनुमानगढ़।
व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-एक के तत्वावधान में आज एनएसएस स्थापना दिवस पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता, जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेविकाओं ने अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर माय भारत टीम की प्रीति ने स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को माय भारत पोर्टल की विभिन्न गतिविधियों एवं अवसरों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही स्वयंसेविकाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन भी करवाया गया।
शिविर में स्वयंसेविकाओं को वीबीवाईएलडी क्विज प्रतियोगिता तथा ‘नशामुक्त भारत, खुशहाल भारत’ अभियान के संबंध में जानकारी दी गई। इन गतिविधियों में भाग लेने वाली स्वयंसेविकाओं को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक अभियानों को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस प्रभारी अनु मुंजाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, माय भारत टीम तथा स्वयंसेविकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से शिविर में लिए गए संकल्प को दैनिक जीवन में भी अपनाने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।