-मांग पूरी नहीं हुई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, कहा- वित्तीय व्यवस्था पर पड़ेगा असर
हनुमानगढ़। 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के केंद्रीय आह्वान पर गुरुवार को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद हनुमानगढ़ टाउन-जंक्शन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बैंकर्स ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार तथा संबंधित विभागों से मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि 11 सितंबर 2026 को हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बावजूद भारतीय बैंक संघ (IBA) और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से 5-डे बैंकिंग लागू करने तथा अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की दिशा में अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इसी के चलते UFBU की ओर से आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि आगामी 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिनों तक देशभर में पूर्ण बैंक हड़ताल रहेगी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आंदोलन के तहत 14 से 30 सितंबर तक नियमानुसार कार्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत बैंक कर्मचारी निर्धारित कार्य समय में ही कार्य करेंगे तथा कार्यालय समय से पहले अथवा बाद में काम नहीं किया जाएगा। गैर-कार्यालयीन समय में आधिकारिक बैठकों और आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुपों का भी बहिष्कार किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।
































