सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान ने मंत्री गौतम दक के खिलाफ जताया रोष

27

– राज्यपाल, मुख्यमंत्री व पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। सेवा निवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान जिला शाखा हनुमानगढ़ के सदस्यों ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारियों के साथ मंत्री गौतम दक द्वारा कथित रूप से किए गए दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया। संस्थान के बैनर तले बड़ी संख्या में एकत्रित सदस्यों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
संस्थान के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक आनंद प्रकाश स्वामी तथा संरक्षक एवं सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। वहीं पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नाम ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि मंत्री गौतम दक द्वारा थाना डूंगला के थानाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार किया गया, जो न केवल पुलिस विभाग का अपमान है बल्कि कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक गरिमा के भी विपरीत है। संस्थान के सदस्यों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।