-सीटू के आह्वान पर सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन
हनुमानगढ़। सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार मजदूर यूनियन सीटू के नेतृत्व में चार लेबर कोड के विरोध में बड़ी लाइन माल गोदाम परिसर में विरोध सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान मजदूरों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना आक्रोश जताया तथा केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चारों श्रम कानूनों की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज करवाया। सभा में बड़ी संख्या में मजदूरों की उपस्थिति रही, जिससे आंदोलन की गंभीरता स्पष्ट नजर आई।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि चार लेबर कोड मजदूरों के हितों पर सीधा हमला हैं। इन कानूनों के जरिए सरकार स्थायी रोजगार को खत्म कर ठेका प्रथा को बढ़ावा देना चाहती है, जिससे मजदूरों की नौकरी, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और संगठन के अधिकारों पर कुठाराघात होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और संघर्ष से हासिल मजदूर अधिकारों को एक झटके में समाप्त करने की साजिश को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यूनियन सचिव रणजीत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नए श्रम कानूनों से काम के घंटे बढ़ेंगे, न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम जैसे अधिकार कमजोर होंगे तथा हड़ताल करना लगभग असंभव हो जाएगा। इससे मजदूर पूरी तरह मालिकों की दया पर निर्भर हो जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन कानूनों को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































