पीड़ित ने एसपी से निष्पक्ष उच्च अधिकारी से तफ्तीश कराने की लगाई गुहार

83

हनुमानगढ़। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में दर्ज फर्जी प्लॉट और धोखाधड़ी के एक मामले की जांच को लेकर पीड़ित ने पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में पीड़ित जसवंत ज्याणी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच किसी निष्पक्ष उच्च अधिकारी से करवाने की मांग की है।
प्रार्थी जसवंत ज्याणी, निवासी रतनपुरा (तहसील संगरिया), ने बताया कि उसने 7 जनवरी 2025 को पुलिस थाना रावतसर में कुलवंत सिंह, राजकुमार, बहादुर सिंह और अमरपाल के खिलाफ धोखाधड़ी, ठगी तथा फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया था। यह मुकदमा माननीय न्यायालय के आदेशानुसार एफआईआर संख्या 0012/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 318(4), 316(2) और 61(2)(a) में दर्ज किया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि मामला दर्ज हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वर्तमान में इस मामले की जांच एएसआई बिरजू सिंह द्वारा की जा रही है, लेकिन प्रार्थी के अनुसार जांच निष्पक्ष रूप से नहीं हो रही है। उसने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी पर राजनीतिक दबाव और प्रभाव के चलते उसे थाने बुलाकर मामला वापस लेने के लिए भी कहा गया।
जसवंत ज्याणी ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपियों द्वारा केवल उसके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी की घटनाएं की गई हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।