– नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर का हुआ भव्य स्वागत, भाजपा पर लगाए लोकतंत्र कमजोर करने के आरोप
हनुमानगढ़। निकटवर्ती गांव लीलावाली में कांग्रेस पार्टी के ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर का गांव पहुंचने पर मनदीप मान, अमनदीप मान, संदीप मान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया।e
जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को टालना लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर करवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे कमजोर करने का कार्य कर रही है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए, क्योंकि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनके सक्रिय सहयोग से ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है। मक्कासर ने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। चुनावों को टालना लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































