*कांग्रेस नेताओं ने कहा- चुनाव टालकर लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार*
हनुमानगढ़। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की विशेष बैठक बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस एवं संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
बैठक के मुख्य अतिथि संगठन की प्रदेश प्रभारी रीना वाल्मीकि, कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष सुभीता सीगड़, संगठन महासचिव केशव तिवाड़ी, संभाग प्रभारी विमल भाटी, प्रदेश सचिव प्रकाश यादव, ओबीसी प्रदेश कोडिनेटर गुरदीप चहल, कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर चावरिया, श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष परमेन्द्र खीचड़, ओबीसी जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, उपप्रधान कालूराम गोदारा एवं ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिधू रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष वारिस अली सरपंच ने की।
बैठक की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उनके चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक सक्रिय होकर जनसंपर्क बढ़ाने की जरूरत है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है। नेताओं ने कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं करवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदेश प्रभारी रीना वाल्मीकि ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्तमान समय में भी मजबूत स्थिति में है और जनता का भरोसा लगातार पार्टी के साथ बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें तथा संगठन को और अधिक सक्रिय बनाएं। कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष सुभीता सीगड़ ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता से ही पार्टी को आगामी चुनावों में सफलता मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































