बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर आंदोलन तेज करेगी जनवादी नौजवान सभा

23

*- अनुशासनहीनता पर संयुक्त सचिव हिम्मत सिंह उर्फ हनी तत्काल प्रभाव से संगठन से निष्कासित*
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को शहीद भगत सिंह यादगार केंद्र, लाल चौक पर जिला अध्यक्ष देवीलाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिलेभर में सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा तथा गांव-गांव और शहर के वार्डों तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है और लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। सरकारी विभागों में हजारों पद रिक्त होने के बावजूद नई भर्तियां नहीं निकाली जा रही हैं, जिससे युवाओं में भारी निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार सरकारी नौकरियों को लगातार कम कर रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
वक्ताओं ने रीट और नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से छात्रों की मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ इस प्रकार का अन्याय किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि रोजगार, रिक्त पदों पर भर्ती और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं की गई तो आने वाले समय में नौजवान अपने हक और अधिकारों के लिए व्यापक आंदोलन करेंगे तथा सड़कों पर उतरकर संघर्ष को तेज करेंगे।
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन पर भी चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए भारत की जनवादी नौजवान सभा के संयुक्त सचिव हिम्मत सिंह उर्फ हनी को अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से संगठन की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी दायित्वों से निष्कासित कर दिया गया।
बैठक में जिला महासचिव वेद मक्कासर, सुरेश जोड़किया, विनोद कुमार, विकास धोलीपाल, सहदेव जोरावरपुरा, सुरेंद्र दहिया, सुशील खान, सुशील टिब्बी, दिनेश मजोका, विनोद सहजीपुरा, रमेश सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सदस्यता अभियान को सफल बनाने और युवाओं के मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।