चार अखंड पाठों का भोग, पांच नए पाठों का प्रकाश; संगत ने मत्था टेककर लिया गुरु घर का आशीर्वाद
हनुमानगढ़। टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, बाबा महताब सिंह जी में ऐतिहासिक शहीदी जोड़ मेले को लेकर चल रही इकोतत्री (लड़ीवार) अखंड पाठों की श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को चार अखंड पाठों का विधिवत भोग डाला गया तथा पांच नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया । गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि एक अखंड पाठ का भोग भोला सिंह जंक्शन, बलविंदर सिंह 2 टीकेडब्ल्यू, इन्द्रजीत सिंह टाउन तथा डॉ. इन्द्रजीत सिंह जंक्शन के परिवारों द्वारा श्रद्धापूर्वक डाला गया। वहीं पांच नए अखंड पाठों का प्रकाश भावताव सिंह श्रीनगर,गुरसिमरन सिंह श्रीनगर,सुखविंदर सिंह ढालिया,अजयब सिंह टाउन,किरनदीप कौर पत्नि जविन्दर सिंह पंजाबी महोल्ला टाउन के परिवारों की ओर से कराया गया। अखंड पाठों के भोग के उपरांत पाठों का प्रकाश करवाने वाले सभी परिवारों को गुरु घर की बख्शीश स्वरूप बाबा ईशर सिंह द्वारा सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान भोग से पूर्व हजूरी जत्था भाई सोहन सिंह एवं भाई परमजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु की वाणी से निहाल किया। इसके पश्चात हैड ग्रंथी दयाल सिंह ने अरदास कर शहर, प्रदेश एवं समस्त मानव समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि आगामी 10 सितंबर 2026 (भादो सुदी 25) को शहीदी जोड़ मेला पूर्ण धार्मिक मर्यादा एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व 9 सितंबर की रात्रि को विशेष दीवान सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जोड़ मेले का आयोजन शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन सिंह साहिब बाबा बलबीर सिंह जी अकाली 96 करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ़ा दल, पंजवा तख्त, चलदा वहिर, चक्रवर्ती निहंग सिंह, पंजाब के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। मेले में अनेक धार्मिक एवं महान हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। बाबा जोगा सिंह ने क्षेत्र की समस्त संगत से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ मेले में पहुंचकर तन, मन और धन से सेवा का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































